हाइड्रोपोनिक्स, एरोपोनिक्स, मल्चिंग और सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों की दी जानकारी, टमाटर आधारित उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर भी हुई चर्चा
सागर। कृषि विज्ञान केन्द्र, सागर द्वारा 18 नवंबर 2026 को उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय इन-सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय उच्च तकनीकी बागवानी में नवीनतम प्रगति एवं प्रमुख सब्जी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकें रहा। कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग के 30 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र, सागर के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के. एस. यादव के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला उद्यानिकी विभाग के उप संचालक पी. एस. बडोले ने की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. के. एस. यादव ने प्रतिभागियों को आधुनिक एवं हाईटेक बागवानी की नवीन तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हाइड्रोपोनिक्स, एरोपोनिक्स, मल्चिंग तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई, आधुनिक संरक्षित खेती सहित बागवानी में तकनीकी नवाचारों के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के माध्यम से कम संसाधनों में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त करने, जल संरक्षण करने, उत्पादन लागत कम करने और फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में तकनीकी अधिकारी मयंक मेहरा ने फल एवं सब्जियों में मूल्य संवर्धन, खाद्य प्रसंस्करण और परिरक्षण की तकनीकों पर जानकारी दी। उन्होंने फल एवं सब्जियों से विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने की प्रक्रियाओं के बारे में भी बताया। विशेष रूप से वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के अंतर्गत टमाटर आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं उत्पाद विविधीकरण की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तकनीकी ज्ञान बढ़ाने के साथ उनकी कार्यक्षमता का विकास करना था, ताकि आधुनिक बागवानी, उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा फल-सब्जियों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन की नवीन विधियों का लाभ किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक बागवानी तकनीकों और कृषि उत्पादों के बेहतर उपयोग एवं प्रसंस्करण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।







