सागर। सदर कजलीवन मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के सातवें दिन दर्शकों को दो रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से मैदान में खूब रोमांच पैदा किया। दिन के दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर ग्वालियर क्लब और श्योपुर DFA क्लब ने फाइनल में जगह बना ली।
ग्वालियर ने भोपाल को 2-1 से हराया
दिन का पहला मुकाबला ग्वालियर क्लब और भोपाल क्लब के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में ग्वालियर ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। वहीं दूसरे हाफ में भोपाल क्लब ने 20वें मिनट में गोल कर अंतर 2-1 कर दिया। भोपाल की टीम ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन ग्वालियर की मजबूत रणनीति के सामने उसे सफलता नहीं मिली। इस तरह ग्वालियर क्लब ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
ट्राईब्रेकर में श्योपुर ने सागर DFA को दी शिकस्त
दिन का दूसरा मुकाबला सागर DFA क्लब और श्योपुर DFA क्लब के बीच खेला गया। मुकाबले के पहले हाफ के 10वें मिनट में श्योपुर ने गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली। मैच के दौरान सागर के खिलाड़ियों को येलो कार्ड भी दिखाए गए। दूसरे हाफ में सागर DFA ने शानदार वापसी करते हुए 25वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में श्योपुर DFA क्लब ने 4-2 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
कैंट थाना प्रभारी रहे मुख्य अतिथि
मुकाबलों में मुख्य अतिथि के रूप में कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष रवि तोमर, सचिव विशाल तोमर, शैलेंद्र तोमर, दविंदर सिंह भाटिया, एम.एल. यादव, नासिर मकरानी, अविनाश गंगा पारी, अमित कनौजिया, समीर खान और आदिल मकरानी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
आयोजन में इनकी रही भूमिका
मैच के मुख्य निर्णायक इमरान खान रहे। सहायक निर्णायक की भूमिका शुभम तिवारी और दीपक सिंह ने निभाई, जबकि चौथे निर्णायक सौरभ रहे। मैच कमिश्नर रामचंद्र सिंह तोमर और मैच इलेक्शन कमेटी में नदीम खान शामिल रहे।
कल दोपहर 12 बजे से होगा फाइनल
टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला कल दोपहर 12 बजे से सदर कजलीवन मैदान पर खेला जाएगा। फाइनल में ग्वालियर क्लब और श्योपुर DFA क्लब आमने-सामने होंगे। आयोजकों ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।







