पारंपरिक परिधानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोचक प्रतियोगिताओं ने बांधा समां, मंगलगिरी क्षेत्र के कर्मचारियों को भी भेंट किए कंबल, शॉल और मिठाइयां
सागर। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन केंद्रीय एवं प्रांतीय महिला परिषद के तत्वावधान में चंद्रप्रभु शाखा द्वारा दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। दीपों की रोशनी, पारंपरिक परिधानों और सम्मान के रंगों से सजे इस कार्यक्रम में लगभग 50 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह के माध्यम से दीपावली की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्तामर स्तोत्र के मंगलमय पाठ एवं श्रीमती श्रेया द्वारा मंगलाचरण से हुआ। कार्यक्रम की होस्ट श्रीमती मंजू मगन जैन, श्रीमती संध्या रांधेलिया, श्रीमती सुनीता अरहंत एवं श्रीमती शिवानी सिंघई ने केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जैन का दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य स्वागत किया। उनकी आकर्षक अंदाज में अगवानी की गई। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष को शॉल, श्रीफल एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जैन रहीं, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय कार्याध्यक्ष एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आशा जैन ने की। शाखा अध्यक्ष श्रीमती रिचा शाह, नीना एवं नीतू ने महामंत्री श्रीमती मंजू मगन जैन का सम्मान किया।
समारोह में सभी महिलाएं आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा और सुंदर साड़ियों में शामिल हुईं। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रीति मलैया, सुनीता पड़वार, रिचा बैटरी, अमिता, मंजरी, वर्षा, प्रीति, आशा, दिलीप प्रिया एवं अंजू सेठ सहित अन्य बहनों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
रोचक टाइटल से किया बहनों का सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महिलाओं को दिए गए अनूठे और रोचक टाइटल रहे। उनके व्यक्तित्व, पहनावे, अंदाज और विशेषताओं के आधार पर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार एवं ‘गहनों की रानी’ का खिताब श्रीमती प्रीति मलैया को प्रदान किया गया।
इसके अलावा नीलू को ‘मुस्कान की रानी’, ज्योति को ‘बिंदी की रानी’, अंजू सेठ को ‘संस्कृति की पहचान’, डॉ. शैफाली को ‘सदाबहार अंदाज’, दीप्ति चंदेरिया को ‘शालीनता की पहचान’, सपना शुक्ला को ‘शॉपिंग की शहंशाह’, सुनीता पड़वार को ‘नखरों की महारानी’, स्वाती को ‘मुस्कान एक्सप्रेस’, निधि को ‘सेल्फी की दीवानी’, मंजू मगन को ‘महफिल की जान’, पूजा एवं शालिनी को ‘सदाबहार सुंदरी’ तथा अंजली राज को ‘स्टाइल की रानी’ जैसे आकर्षक टाइटल प्रदान किए गए।
अन्य बहनों के लिए रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया। सही जवाब देने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन की खासियत यह रही कि प्रत्येक बहन को किसी न किसी रूप में सम्मानित किया गया।
केंद्रीय अध्यक्ष ने की आयोजन की सराहना
केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जैन ने अपने उद्बोधन में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि कोई भी बहन ऐसी नहीं रही, जिसे किसी न किसी रूप में सम्मान अथवा पुरस्कार नहीं मिला हो। सभी की सहभागिता और उत्साह को महत्व दिया गया। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह में हंसी, उमंग, अपनत्व और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। अंत में सभी बहनों ने चाट-चौपाटी एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कर्मचारियों को भेंट किए कंबल, शॉल और मिठाइयां
सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए चंद्रप्रभु शाखा द्वारा मंगलगिरी क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर कंबल, शॉल, मिठाइयां एवं उपहार भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से त्योहार की खुशियां जरूरतमंद एवं मेहनतकश लोगों के साथ साझा की गईं।
कार्यक्रम में शशि, ममता, अंजू, शरद, सुधा, सद्भावना शाखा अध्यक्ष रश्मि-आलोक, अमिता, रीना, आत्म ज्योति, नीलिमा, साधना, मंजरी सहित परिषद की अनेक बहनें उपस्थित रहीं।
अंत में चंद्रप्रभु शाखा की अध्यक्ष श्रीमती रिचा शाह ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन आपसी प्रेम, एकता, सम्मान, सेवा और संगठन की मजबूती का यादगार उदाहरण बना।







