
सागर में ब्राह्मण समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, वैवाहिक पत्रिका का हुआ विमोचन
सागर।
शहर के रविन्द्र भवन में ब्राह्मण समाज द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह एवं समाज की वैवाहिक पत्रिका के विमोचन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव रहे, जिन्होंने समारोह में पहुंचकर प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया और वैवाहिक पत्रिका का विधिवत विमोचन किया।
इस अवसर पर श्री भार्गव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का मनोबल और उत्साह बढ़ता है। समाज के अनेक बच्चे आज उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं और अपने समाज के साथ-साथ जिले व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज की प्रगति का आधार हैं।
कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड प्रदान की गई तथा भगवान परशुराम जी की प्रतिमा भेंट कर उनका सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर समाज में खासा उत्साह देखने को मिला।











