
शास्त्री वार्ड में श्रीमद् भागवत कथा का पुण्य श्रवण करने पहुंचे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, व्यास पीठ का किया सम्मान”
सागर ।शास्त्री वार्ड स्थित हनुमान मंदिर परिसर के समीप कथा व्यास पंडित श्री अंकित गौतम जी के मुखारविंद से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का पुण्य श्रवण करने सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। विधायक जैन ने विधिवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा व्यास पीठ पर विराजमान पंडित श्री अंकित गौतम जी का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधायक जैन का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर धर्ममय वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्तिमार्ग और मानव जीवन के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा, शिव पुराण और विष्णु पुराण जैसे पवित्र ग्रंथ हमारी सनातन संस्कृति की ध्वजा पताका को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में कथा व्यासों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो समाज को धर्म, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
विधायक जैन ने आगे कहा कि कथा व्यास मातृशक्ति को धर्म और संस्कारों की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, वहीं हमारी आने वाली पीढ़ी—नन्हे-नन्हे बच्चों—को धर्म के मार्ग पर मोड़ने और उनसे जोड़े रखने का महत्वपूर्ण कार्य भी इन धार्मिक कथाओं के माध्यम से किया जा रहा है। यह प्रयास समाज में संस्कार, नैतिकता और सद्भाव को मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे और सभी ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन से शास्त्री वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण और अधिक सशक्त हुआ है।











