
बुंदेलखंड को डिजिटल सशक्तिकरण की ओर ले जाने की पहल।
सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की भेंट, 4G-5G नेटवर्क और बीएसएनएल सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा
सागर।विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने नई दिल्ली स्थित संचार भवन में भारत सरकार के केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट कर दूरसंचार विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर बुंदेलखंड क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल कनेक्टिविटी एवं संचार सुविधाओं के विस्तार को लेकर सार्थक संवाद हुआ।
विधायक श्री जैन ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया के समक्ष बुंदेलखंड एवं मध्य प्रदेश के सुदूर अंचलों की दूरसंचार समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई ऐसे ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्र हैं, जहां आज भी 4G नेटवर्क पूरी तरह उपलब्ध नहीं है, ऐसे क्षेत्रों के लिए 5G नेटवर्क अभी भी एक सपना बना हुआ है। उन्होंने आग्रह किया कि इन दूरस्थ क्षेत्रों तक भी शीघ्र 5G नेटवर्क की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि डिजिटल असमानता को समाप्त किया जा सके।
इसके साथ ही विधायक जैन ने बुंदेलखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार हेतु ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने, मोबाइल टावरों की क्षमता बढ़ाने तथा बीएसएनएल की सेवाओं को सुदृढ़ कर आम जनता का भरोसा और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत दूरसंचार नेटवर्क न केवल शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति देगा।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विधायक द्वारा रखे गए सुझावों को गंभीरता से सुना और बुंदेलखंड सहित देश के दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासों का भरोसा दिलाया।











