
सभी पुरियों में काशी, सभी दिनों में महाशिवरात्रि श्रेष्ठ-अविराज सिंह
खुरई। युवा नेता अविराज सिंह ने डूब प्रभावितों को पट्टा वितरण कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैसा कि श्री शिव महापुराण में वर्णित है कि सभी पुरियों में काशी श्रेष्ठ, सभी नदियों में गंगा श्रेष्ठ, सभी शक्तियों में शिव शक्ति श्रेष्ठ, सभी शिवलिंगों में पार्थिव श्रेष्ठ और सभी दिनों में महाशिवरात्रि का दिन श्रेष्ठ माना गया है।
अविराज सिंह ने कहा कि भगवान शिव का न आदि है और न अंत। उनके मस्तक पर सुशोभित चंद्रमा शांति का प्रतीक है, जटाओं में बहती गंगा जीवन का प्रतीक है और उनका नीलकंठ स्वरूप विश्व कल्याण के लिए त्याग और समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव पाठ एवं शिव तांडव स्तोत्र का श्रवण-मनन करना चाहिए। शिव को दूध अर्पित करने की परंपरा भी उनके विषपान के प्रतीक स्वरूप शीतलता प्रदान करने की भावना से जुड़ी है।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। रामचरितमानस की चौपाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। भगवान श्रीराम ने अपना जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित किया और हमें भी रामराज्य की स्थापना के संकल्प के साथ समाजहित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान डूब प्रभावित परिवारों को पट्टा वितरण किया गया। अविराज सिंह ने कहा कि यह आप सभी के नए जीवन की शुरुआत है। पैतृक मकान और भूमि छोड़कर नए स्थान पर जाना भावनात्मक क्षण है, लेकिन आपके पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह जी के अथक प्रयासों से खुरई विधानसभा क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और इसी प्रयास का परिणाम है कि प्रभावित परिवारों को नए भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मकान डूब क्षेत्र में आए हैं, उन्हें प्रदेश में सर्वाधिक मुआवजा राशि खुरई विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त हुई है। नए आवासीय क्षेत्र में सड़कों, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक भवन, ऑडिटोरियम, स्टेडियम और शुद्ध पेयजल जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसे गांव हैं जिन्हें अभी डूब क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है, जबकि वे प्रभावित हैं। आपके विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह जी के मार्गदर्शन में ऐसे गांवों को भी शीघ्र डूब क्षेत्र में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
अविराज सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में खुरई विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने खुरई आगमन के दौरान क्षेत्र को एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जहां-जहां पट्टे दिए गए हैं, वहां सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँगी तथा नागरिकों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में नन्हीबाई अहिरवार नगर पालिका अध्यक्ष, राहुल चौधरी नगर मंडल अध्यक्ष, जमना प्रसाद अहिरवार जनपद अध्यक्ष, हेमचन्द्र बजाज वरिष्ठ कार्याकर्ता, रविन्द्र राजपूत मंडल अध्यक्ष, देशराज यादव, बलराम यादव, अजीत सिंह अजमानी, इंद्रराजसिंह ठाकुर, हरीशंकर कुशवाहा पूर्व मंडल अध्यक्ष, गणेश पटेल पार्षद, उपेन्द्र राजपूत जनपद अध्यक्ष सिंगपुर, जयराम पार्षद, लाखन सिंह यादव, निर्मल राज, वीरेन्द्र सिंह महूना, अरविंद सिंह, यदूपाल यादव, राजनारायण कुर्मी, राजकुमार राजपूत, कीरत आदिवासी, अमन सधावा उपस्थित रहे।











