बजट सत्र में गूंजा श्रमिक आवासीय विद्यालय का मुद्दा,विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने श्रम मंत्री से ली विस्तृत जानकारी

बजट सत्र में गूंजा श्रमिक आवासीय विद्यालय का मुद्दा,विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने श्रम मंत्री से ली विस्तृत जानकारी
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में सागर विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने श्रम विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को सदन में उठाया। विधायक जैन ने श्रम मंत्री  प्रह्लाद सिंह पटेल से प्रश्न के माध्यम से सागर जिले में प्रस्तावित श्रमिक आवासीय विद्यालय की स्थापना, भूमि चयन एवं बजट प्रावधान की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विधायक श्री जैन ने पूछा कि सागर जिले में श्रमिकों के बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय स्थापित किए जाने हेतु क्या कार्रवाई की गई है, भूमि का चयन हुआ है या नहीं, तथा इसके लिए बजट में कितनी राशि का प्रावधान किया गया है।
इस पर श्रम मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने सदन को अवगत कराया कि श्रम विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल द्वारा सागर जिले में एक श्रमिक आवासीय विद्यालय स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए ग्राम पंचायत मसाणझिरी, रतौना, सागर में लगभग 15 एकड़ भूमि चिन्हित कर चयनित की जा चुकी है। भूमि चयन की कार्यवाही जिला कलेक्टर एवं संबंधित विभागों के समन्वय से पूर्ण कर ली गई है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय की स्थापना के लिए शासन स्तर पर आगे की प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया प्रचलन में है तथा स्वीकृति उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शासन शीघ्र ही बजट स्वीकृत कर विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया को गति देगा, जिससे सागर जिले के श्रमिक परिवारों को सीधा लाभ मिल सके।

Leave a Comment

Read More