कृषि और किसान हितों को समर्पित दूरदर्शी बजट प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा – भूपेन्द्र सिंह

कृषि और किसान हितों को समर्पित दूरदर्शी बजट प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा – भूपेन्द्र सिंह

सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पूरी तरह से कृषि और किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए तैयार किया गया है। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट दूरदर्शी, संतुलित और विकासोन्मुख है। उन्होंने कहा कि मैं इस बजट के लिए मुख्यमंत्री और वित्त विभाग को हार्दिक बधाई देता हूँ। यह बजट निश्चित रूप से मध्यप्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।

पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने मध्य प्रदेश के इस ऐतिहासिक बजट को राज्य के भविष्य का मजबूत रोडमैप बताते हुए कहा कि यह केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित मध्य प्रदेश 2047 की दिशा में ठोस और दूरदर्शी कदम है।

सिंह ने विशेष रूप से किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना हेतु लगभग 5,500 करोड़ के प्रावधान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लगभग 82 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि निवेश को नई गति मिलेगी। रोजगार और कौशल विकास पर विशेष जोर को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट अवसरों का विस्तार करेगा। महिलाओं और छात्रों के लिए सामाजिक योजनाओं के प्रावधान को सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक बताया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और सेवाओं को मजबूत करने की पहल को जनकल्याणकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावसायिक कौशल पर दिया गया बल प्रदेश को प्रतिस्पर्धी बनाएगा। सड़क नेटवर्क, शहरी और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, भोपाल-इंदौर मेट्रो विस्तार तथा सिंहस्थ-2028 की तैयारियों जैसे प्रावधानों को विकास के इंजन की संज्ञा देते हुए श्री सिंह ने कहा कि यह बजट संतुलित, समावेशी और वित्तीय अनुशासन पर आधारित है, जो कर्ज प्रबंधन की स्पष्ट रणनीति के साथ प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट आमजन, किसान, युवा और उद्यमियों सभी के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा और मध्य प्रदेश को विकास की तेज रफ्तार पर आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने कहा कि पहली बार पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल माध्यम से टैबलेट के जरिए बजट प्रस्तुत किया जाना पारदर्शिता, आधुनिकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तीन वर्ष का “रोलिंग बजट” प्रस्तुत कर 2026-27 के साथ 2027-28 और 2028-29 की स्पष्ट वित्तीय रूपरेखा देना सरकार की गंभीरता और दीर्घकालिक सोच को प्रमाणित करता है। उन्होंने कहा कि लगभग 16.69 लाख करोड़ के जीएसडीपी के आधार पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 2 ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य की ओर ले जाने का संकल्प आत्मनिर्भर और सशक्त मध्य प्रदेश की आधारशिला है।

बजट में खुरई विधानसभा क्षेत्र की 4 सडकों के लिए 49.05 करोड का प्रावधान, पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया

सागर। राज्य के बजट 2026-27 में खुरई विधानसभा क्षेत्र में चार सडकों के निर्माण के लिए 49.05 करोड का वित्तीय प्रावधान करने के लिए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया है।

उल्लेखनीय है कि आज विधानसभा में वित्त मंत्री  जगदीश देवडा द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट में उन चार महत्वपूर्ण सडकों के निर्माण के लिए वित्तीय प्रावधान किया है जिनका प्रस्ताव पूर्व गृहमंत्री,खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के समक्ष रखा था। इन सडकों में खुरई बस स्टैंड से कृषि उपज मंडी मार्ग तक लंबाई 3 किलोमीटर के लिए 12 करोड, बमनोरा तिगड्डा से रामछांयरी मार्ग लंबाई 5.80 किलोमीटर के लिए 3.97 करोड, बमनोरा-मोहली-झोलसी मार्ग लंबाई 4.50 किमी के लिए 3.08 करोड तथा खिमलासा-रजवांस,छूटा हुआ मार्ग 16 किमी के लिए 30 करोड का वित्तीय प्रावधान बजट में किया गया है।

Leave a Comment

Read More