एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में आउटसोर्स कर्मचारियों में आक्रोश, मजदूर संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

एकपक्षीय कार्रवाई के विरोध में आउटसोर्स कर्मचारियों में आक्रोश, मजदूर संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी को सेवा समाप्ति का नोटिस दिए जाने के बाद कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर मजदूर संघ ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी नितेश चुटिले को हाल ही में प्रबंधन द्वारा सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में मजदूर संघ खुलकर सामने आ गया है।

मजदूर संघ के अध्यक्ष जगदीश जारोलिया ने आरोप लगाया कि नितेश चुटिले पिछले कई वर्षों से मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ समय से कॉलेज प्रबंधन द्वारा उन्हें निशाना बनाया जा रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

संघ का कहना है कि सेवा समाप्ति की कार्रवाई एकपक्षीय है। नोटिस में पुलिस वेरिफिकेशन और दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है, जिसे मजदूर संघ ने निराधार बताया है। अध्यक्ष जारोलिया के अनुसार, कर्मचारी द्वारा जमा किए गए सभी दस्तावेज वैध और सही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई व्यक्तिगत द्वेष के चलते की गई है, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं।

मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी कर्मचारी को पुनः सेवा में नहीं लिया गया, तो संगठन प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Leave a Comment

Read More