
लाखा बंजारा झील स्थित म्यूजिकल फाउंटेन को पुनः प्रारंभ कराने विधानसभा में विधायक शैलेंद्र जैन ने उठाया मुद्दा
भोपाल।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने शहर की महत्वपूर्ण पर्यटन एवं आकर्षण स्थली लाखा बंजारा झील में स्थापित म्यूजिकल फाउंटेन के लंबे समय से बंद होने का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया।
विधायक श्री जैन ने प्रश्न के माध्यम से नगरीय विकास एवं आवास विभाग से जानकारी चाही कि लगभग एक वर्ष से बंद पड़े म्यूजिकल फाउंटेन को पुनः प्रारंभ करने हेतु शासन द्वारा क्या कार्यवाही की जा रही है तथा इसे कब तक चालू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि फाउंटेन के निर्माण के बाद उसके संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी किस एजेंसी की थी तथा बंद होने के लिए संबंधित एजेंसी पर क्या कार्रवाई की गई है।
प्रश्न के उत्तर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन को पुनः प्रारंभ करने की प्रक्रिया प्रचलन में है। कलेक्टर सह अध्यक्ष स्मार्ट सिटी सागर के आदेश से गठित समिति द्वारा तकनीकी परीक्षण हेतु रिपोर्ट तैयार की गई है तथा तकनीकी मूल्यांकन के लिए इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज सागर को पत्र प्रेषित किया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने एवं स्मार्ट सिटी बोर्ड के निर्णय के उपरांत फाउंटेन को पुनः संचालित किया जाएगा,
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने यह भी जानकारी दी कि म्यूजिकल फाउंटेन के संचालन एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी की थी। फाउंटेन बंद होने के मामले में एजेंसी को नोटिस जारी किए गए हैं तथा तकनीकी परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एजेंसी की शेष 50 प्रतिशत भुगतान राशि रोकी गई है।
विधायक शैलेंद्र जैन द्वारा सदन में उठाए गए इस प्रश्न से लाखा बंजारा झील स्थित म्यूजिकल फाउंटेन को शीघ्र पुनः प्रारंभ कराने की दिशा में प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।










