खुरई विस क्षेत्र की मंडल कोर समितियों का विस्तार, 12 नये सदस्यों की नियुक्ति

खुरई विस क्षेत्र की मंडल कोर समितियों का विस्तार, 12 नये सदस्यों की नियुक्ति

सागर। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में खुरई विधानसभा क्षेत्र की सभी मंडलों की कोर समितियों की यहां आयोजित संयुक्त बैठक में सभी भाजपा मंडल कोर समितियों का विस्तार करते हुए दो-दो सदस्यों की नियुक्ति की गई। इन नियुक्तियों के साथ अब सभी कोर समितियां 11 सदस्यीय हो गई हैं।

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने बैठक में जिन नवनियुक्त सदस्यों की घोषणा की उनमें धनौरा मंडल में मूरत सिंह राजपूत पिपरिया व वीरेन्द्र सिंह गंगौआ, खुरई नगर मंडल कोर समिति में राजेंद्र यादव कल्लू व राजकुमार घोसी (राजू चंदेल), खुरई ग्रामीण मंडल कोर समिति में देशराज सिंह महूनाजाट व अर्जुन सिंह रघुवंशी कठैली, बरोदिया कलां मंडल में कोमल यादव पार्षद व बलराम सिंह ठाकुर पार्षद, बांदरी मंडल में इंद्रपाल सिंह राजपूत (बंटी पिठौरिया) व नरेश जैन बांदरी तथा मालथौन मंडल में देवेंद्र सिंह बुंदेला व नीरज राजपूत परसोन को शामिल किया गया है।

पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने बैठक में सभी कोर समितियों को निर्देश दिए कि 22 फरवरी रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम के समूह श्रवण हेतु सभी बूथ स्तर तक व्यवस्थित आयोजन हों जिसमें जाने के लिए प्रतिनिधियों के नाम तय करें। तत्पश्चात रविवार को ही सभी कोर समितियां बैठक करके निर्धारित बिंदुओं पर निर्णय लेकर प्रस्ताव सौंपें।

उन्होंने कहा कि कोर समितियों का गठन जिस पवित्र उद्देश्य के लिए किया गया था उसमें कुछ कोर समितियों ने बहुत अच्छे जनोपयोगी निर्णय लिए हैं जिनमें खुरई नगर भाजपा कोर समिति द्वारा हनौता गौशाला के संचालन के लिए समिति गठन का निर्णय उदाहरण है। पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह के निर्देश पर गौशाला समिति के प्रभारी अजीत सिंह अजमानी ने बैठक में बताया कि सिर्फ 40 दिनों में ही गौशाला में प्रतिदिन दो टाइम दस क्विंटल भूसा, लाना और चापर की नियमित व्यवस्था 350 गौवंश के लिए जनसहयोग से की जा रही है। प्रतिदिन दो घंटे का समय समिति प्रभारी स्वयं गौशाला के लिए दे रहे हैं। श्री अजमानी ने कहा कि आगामी 30 जून तक खुरई नगर की सड़कों से सभी आवारा जानवरों को गौशाला में लाया जाएगा और उनकी पूरी व्यवस्था जनसहयोग से गौशाला में की जाएगी।

पूर्व गृहमंत्री  सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि कोर समिति के सदस्य व विभागवार नियुक्त प्रतिनिधि अपने कार्यों में समय दें जिससे व्यवस्थाओं में सुधार होता रहता है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य मुख्यमंत्री डा मोहन यादव जी द्वारा खुरई आगमन पर की गई घोषणाओं और क्षेत्र विकास के संकल्प पत्र सहित सभी उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा अच्छे कार्यों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करें।

बैठक में मंडल अध्यक्ष राहुल चैधरी, रविन्द्र सिंह राजपूत, अरविंद सिंह लोधी, राजपाल सिंह राजपूत, अनिल पाराशर एवं अनिल सेंगर(संयोजक धनौरा) सहित सभी कोर समिति सदस्य उपस्थित थे।

मीडिया कार्यालय
दिनांक-20/02/2026

Leave a Comment

Read More