हर्ष फायरिंग में युवक की मौत पर धानुक समाज ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से की मुलाकात, आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन

हर्ष फायरिंग में युवक की मौत पर धानुक समाज ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से की मुलाकात, आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन

सागर।विगत दिनों सागर में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना में नाबालिग युवक विवेक बंसल की दुखद मृत्यु हो जाने के बाद धानुक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक श्री जैन को घटना की पूरी जानकारी देते हुए मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति से अवगत कराया तथा शासन स्तर से सहायता दिलाने का आग्रह किया। विधायक श्री जैन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं अत्यंत चिंताजनक एवं खतरनाक हैं, जिनसे निर्दोष लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। विधायक श्री जैन ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वे जिला प्रशासन से चर्चा कर शादी-विवाह एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों के उपयोग तथा हर्ष फायरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह करेंगे।

Leave a Comment

Read More