
समाज की बदली सोच: जयंती पर रैली नहीं, चौथे वर्ष भी साहू समाज युवा मंडल करा रहा बेटियों-बेटों का निःशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन
15 मार्च को होगा भव्य आयोजन, 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से होगा विवाह; डोली विदाई, माँ कर्मादेवी महाआरती और स्नेहभोज रहेंगे मुख्य आकर्षण
सागर। साहू समाज युवा मंडल द्वारा भक्त शिरोमणि माँ कर्मादेवी जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में इस वर्ष चौथा निःशुल्क आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है।
साहू समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया ने बताया कि जयंती के अवसर पर पहले शोभायात्रा और वाहन रैली का आयोजन किया जाता था, लेकिन समाज ने एक नई सोच के साथ इसे सामाजिक हित से जोड़ते हुए निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को समाज के लोगों ने बेहद सराहा है और सभी स्वजातीय बंधु इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि समाज के लोग स्वेच्छा से हजारों रुपये के उपहार प्रदान करते हैं, जिससे प्रत्येक वर-वधू को विवाह के समय लाखों रुपये मूल्य की आवश्यक सामग्री और उपहार प्राप्त होते हैं।
साहू समाज युवा मंडल के जिला अध्यक्ष खेमचंद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम 15 मार्च 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे पद्माकर सभागार मोतीनगर से बारात प्रस्थान करेगी, जो बैंड-बाजे और घोड़ों के साथ साहू समाज सामुदायिक भवन की ओर पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे बारात का स्वागत एवं दूल्हों का तिलक-कलश पूजन किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 1 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जयमाला एवं स्वागत समारोह संपन्न होगा। दोपहर 2 बजे सभी समाजों के प्रतिनिधियों का कार्यक्रम स्थल पर आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक वैदिक विधि-विधान के अनुसार पाणिग्रहण संस्कार एवं पारंपरिक पंच पंवराई की रस्में संपन्न कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में शाम 5 बजे आमंत्रित अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ माँ कर्मादेवी जी की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। महाआरती के पश्चात समाज के बंधु-भगिनियों के लिए स्नेहभोज का भी आयोजन रखा गया है।
महिला मंडल की टीम ने बताया कि कार्यक्रम में दुल्हनों की विदाई पारंपरिक डोली के साथ की जाएगी, जो समारोह का विशेष आकर्षण रहेगी। सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को साहू समाज सामुदायिक भवन से उनके घर तक युवा मंडल द्वारा कारों के माध्यम से पहुँचाया जाएगा। वहीं समाज के सभी स्वजातीय बंधु सामुदायिक भवन से एलिवेटेड कॉरिडोर तक अपने-अपने वाहनों से विदाई जुलूस में शामिल होकर नवदंपतियों को विदा करेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए साहू समाज ट्रस्ट, साहू समाज महिला मंडल एवं साहू समाज युवा मंडल के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने समाज के सभी बंधु-भगिनियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। यह जानकारी साहू समाज जिला प्रवक्ता शिवम साहू ने प्रेस को दी











