मां कर्मा देवी जयंती पर 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन, भव्य बारात निकाली गई

मां कर्मा देवी जयंती पर सामूहिक विवाह सम्मेलन, पद्माकर सभागार से निकली भव्य बारात 11 जोड़े आज लेंगे सात फेरे, बैंड-बाजों के साथ घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे दूल्हे

भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव के अवसर पर साहू समाज युवा मंडल द्वारा रविवार को चौथा निःशुल्क आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे पद्माकर सभागार मोतीनगर से बैंड-बाजों के साथ भव्य बारात निकाली गई, जो साहू समाज सामुदायिक भवन पहुंची।

बारात में सभी 11 दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे। इस दौरान दूल्हों के परिजन, समाज के महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए और बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते हुए बारात में शामिल रहे।

साहू समाज के जिला प्रवक्ता शिवम साहू ने बताया कि सामुदायिक भवन में बारात का स्वागत कर तिलक-कलश पूजन किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जयमाला और विवाह की रस्में संपन्न होंगी। शाम 5 बजे अतिथियों का उद्बोधन होगा, जबकि शाम 6 बजे मां कर्मा देवी की भव्य महाआरती के बाद स्नेहभोज का आयोजन रखा गया है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण दुल्हनों की पारंपरिक डोली विदाई रहेगी। वहीं युवा मंडल द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए कारों की व्यवस्था की गई है। सम्मेलन में इस वर्ष 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध रहे हैं, जिनमें पांच बेटियों और चार बेटों के पिता नहीं हैं। एक जोड़ा ऐसा है जिनके माता-पिता दोनों नहीं है युवा मंडल सभी जोड़ों का विवाह वैदिक सनातन धर्म की परंपराओं और रीति रिवाज के अनुसार संपन्न कराएगा।सभी जोड़ों को समाज की ओर से एक से डेढ़ लाख रुपये मूल्य की घरेलू सामग्री और उपहार भेंट किए जाएंगे।

Leave a Comment

Read More