
रुद्राक्षधाम स्थित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर प्रातः 7 से रात्रि 11 बजे तक दर्शन-पूजन हेतु खुला रहेगा
सागर। अंजनीपुत्र वीर हनुमान जी के प्रकटोत्सव के पुण्य पर्व पर 2 अप्रैल को शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण स्थित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी का दिव्य और भव्य मंदिर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रातः 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक दर्शन-पूजन हेतु खुला रहेगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रकटोत्सव के तहत विशेष पूजन-अर्चन, हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड, प्रसादी वितरण एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा, जो भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस अवसर पर दर्शन-पूजन हेतु रुद्राक्ष धाम मंदिर में सादर आमंत्रित हैं। उल्लेखनीय है कि गत 1 फरवरी,2026 को रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित भव्य मंदिर में श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी की दिव्य प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्वक संपन्न हुई थी।











