अतिरिक्त संचालक डॉ नीरज दुबे ने शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय का किया औचक निरीक्षण : प्राचार्य को दिए जरूरी निर्देश

अतिरिक्त संचालक डॉ नीरज दुबे ने शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय का किया औचक निरीक्षण : प्राचार्य को दिए जरूरी निर्देश

सागर/ उच्च शिक्षा विभाग क्षेत्रीय कार्यालय सागर संभाग की अतिरिक्त संचालक डॉ नीरज दुबे ने ओएसडी डॉ भावना यादव व डॉ रामकुमार गोस्वामी के साथ शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय अग्रणी का गत दिवस औचक निरीक्षण कर महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों व परीक्षा संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी डॉ इमराना सिद्दीकी व वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ जयकुमार सोनी भी मौजूद रहे।
महाविद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे अतिरिक्त संचालक डॉ नीरज दुबे ने सबसे पहले शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टॉफ के उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्टर पर स्टॉफ के कुछ सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल ने इसके बाद प्रत्येक भवन तथा विभाग में जाकर कक्षाओं में पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रमों की जानकारी संबंधित विषय शिक्षकों से ली। इस दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की डेली डायरी व हाजिरी रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ विभागों में कमियां पाए जाने पर उन्होंने रोष जाहिर करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश संबंधितों को दिए।
महाविद्यालय में चल रही विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के दौरान बैठक व्यवस्था, फर्नीचर, लाईट पंखे आदि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परीक्षा समन्वयक डॉ विनय मिश्रा व डॉ अमर कुमार जैन से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा परीक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने तथा नकल व अनुचित सामग्री की रोकथाम के लिए सख्ती बरतने व परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सुविधापूर्ण पर्याप्त फर्नीचर, शुद्ध पेयजल, हवा- रोशनी आदि की सुचारू व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
बाद में उन्होंने प्राचार्य कक्ष में बैठकर सम्पूर्ण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता को महाविद्यालय में स्टॉफ की समयबद्ध उपस्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर व पाठ्यक्रम अनुसार गुणवत्तापूर्ण कक्षाओं के नियमित संचालन, परीक्षा में गोपनीयता व पारदर्शिता के साथ सख्ती बरतने व सभी आवश्यक व्यवस्थाओ को चाक चौबंद रखने के साथ प्रत्येक कार्य को समयबद्ध रूप से पूरे करने के निर्देश दिए।
आदेशानुसार।

Leave a Comment

Read More