
तिली वार्ड के बालक कॉम्प्लेक्स में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन: विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद, धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
सागर। तिली वार्ड स्थित बालक कॉम्प्लेक्स में इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है, जहां दीपेश्वरी देवी जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान श्रीमती गीतानंद किशोर अग्रवाल परिवार हैं, जिनके सान्निध्य में श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा का श्रवण कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन भी सम्मिलित हुए। उन्होंने व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
विधायक जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा हमें धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं यजमान परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।
कथा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं कथा श्रवण में लीन दिखाई दिए। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन उपस्थित रहे।











