खुरई में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी

खुरई में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी
सागर/खुरई। सागर जिले के खुरई क्षेत्र में तलैया नाका के पास शनिवार शाम करीब 6:30 बजे प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर स्थानीय महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। रिहायशी इलाके में दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान गुस्साई महिलाओं ने दुकान में तोड़फोड़ की और शराब की पेटियों को बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शिवमूर्ति सरल और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पहले भी हो चुका है विरोध
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को भी सैकड़ों वार्डवासियों ने तलैया के सामने खाली मैदान में दुकान निर्माण की तैयारी का विरोध करते हुए चक्काजाम किया था। उस समय तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी थी और आश्वासन दिया था कि शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा।
फिर शुरू हुई दुकान खोलने की कोशिश
हालांकि, शनिवार को दोबारा दुकान खोलने की कोशिश से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई और महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन पर उतर आईं।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद तलैया नाका क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ देर रात तक मौके पर तैनात रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
महिलाओं की चेतावनी
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर रिहायशी क्षेत्र में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगी। वहीं प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और मामले को शांत कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Leave a Comment

Read More