
पर्यावरण दिवस पर सद्भावना शाखा का वृक्षारोपण अभियान, 30 पौधे लगाए
सागर। पर्यावरण दिवस के अवसर पर बालक हिल व्यू कॉलोनी में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, मरुदेवी संभाग की सद्भावना शाखा द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कॉलोनी के मुख्य गोल पार्क एवं शिव मंदिर के समीप स्थित पार्क में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से 30 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए उन्हें बच्चों की तरह सहेजने और सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के लिए पीपल, नीम, बरगद, जामुन, करंजी, अशोक, मीठी नीम और शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी पौधे सद्भावना शाखा की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि जैन द्वारा उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर दीप्ति संघी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण, सीड बॉल रोपण तथा जंगलों की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सद्भावना शाखा अध्यक्ष रश्मि जैन, अनीता जैन, डॉ. राजेश जैन, मनीषा जैन, संगीता पड़वार, दीप्ति संघी एवं प्रतिभा संघी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं गड्ढे खोदकर पौधों का रोपण किया।
वृक्षारोपण अभियान में सहकार भारती के जिलाध्यक्ष आलोक जैन, रानू साहू, अभिषेक द्विवेदी, अमर सिंह ठाकुर एवं सुखलाल सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग करते हुए पौधे लगाए।
सहकार भारती के जिलाध्यक्ष आलोक जैन ने कहा, “वन हैं, तो कल है।” उन्होंने कहा कि वनों के बिना मिट्टी का कटाव बढ़ेगा, वर्षा प्रभावित होगी और ऑक्सीजन सहित जीवन के लिए आवश्यक संसाधनों का संकट उत्पन्न हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल वृक्षारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों और वनों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि मृदा, जल, पर्यावरण और जीवन का आधार वन ही हैं।











