
जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन अपराधी को मोतीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
सागर, 6 जून 2026। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जिला बदर आरोपियों पर निगरानी की कार्रवाई के तहत थाना मोतीनगर पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए शहर में घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला बदर किया गया आरोपी ऐशु उर्फ यशवंत अहिरवार (40 वर्ष), निवासी संत रविदास वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर शहर में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सागर शहर में मौजूद रहने का कोई वैध कारण या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी, घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़, जातिगत अपमान, अवैध शराब रखने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा उसे 12 माह के लिए सागर और आसपास के जिलों की सीमाओं से निष्कासित (जिला बदर) किया गया था।
इसके बावजूद आरोपी के सागर शहर में पाए जाने पर थाना मोतीनगर पुलिस ने उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक तथा आरक्षक अभिषेक चौहान, नरस और गौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











