व्यक्ति, समाज और देश को फिट रखती है साइकिल : प्रो. ठाकुर

व्यक्ति, समाज और देश को फिट रखती है साइकिल : प्रो. ठाकुर

“देश के विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए हमें पेट्रोल-डीजल की खपत कम करनी होगी। साइकिल न केवल देश की आर्थिक उन्नति में मददगार है, बल्कि यह हमारे शरीर को फिट रखने, घुटनों को स्वस्थ रखने और जीवन का संतुलन बनाए रखने का सबसे बेहतरीन साधन है।” यह उद्गार प्रो. वाई. एस. ठाकुर, कुलपति, डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर ने ‘विश्व साइकिल दिवस’ पर ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव 2026’ के आयोजन के अवसर पर कहे।

सागर, 07 जून। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘विश्व साइकिल दिवस 2026’ के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव – 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष यह आयोजन “स्वास्थ्य, समानता और निरंतरता को बढ़ावा देना” थीम पर आधारित था। रविवार की सुबह ठीक 7:00 बजे अब्दुल गनी खान स्टेडियम से इस रैली का शानदार आगाज हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य “आओ विकसित भारत बनाएँ, चलो साइकिल चलाएँ” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था।

इस प्रेरणादायक रैली का नेतृत्व विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर ने स्वयं साइकिल चलाकर किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सत्यप्रकाश उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कुलपति एवं कुलसचिव की अगुवाई में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसरों, शारीरिक शिक्षा विभाग के स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयकों व स्वयंसेवकों और नेशनल कैडेट कोर के कैडेट्स सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ पैडल मारकर फिटनेस और एकजुटता का संदेश दिया।

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर ने देश की आर्थिक मजबूती और ईंधन की बचत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान के अनुसार हमें पेट्रोल और डीजल की खपत को कम करना चाहिए, क्योंकि देश की प्रगति के लिए विदेशी मुद्रा भंडार बेहद जरूरी है। उन्होंने अपील की कि विदेशी मुद्रा बचाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लोग अपने दैनिक जीवन में साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाएँ।

साइकिलिंग के स्वास्थ्य और पर्यावरणीय फायदों पर प्रकाश डालते हुए कुलपति ने आगे कहा कि साइकिल चलाने से शरीर पूरी तरह फिट रहता है, घुटने तंदुरुस्त होते हैं और शरीर का संतुलन बेहतर बनता है, जो बढ़ती उम्र में भी बेहद फायदेमंद है। भारत सरकार के ‘फिट इंडिया’ और ‘लाइफ’ मिशन के अंतर्गत आयोजित इस रैली के माध्यम से विश्वविद्यालय ने सेहत और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण की दिशा में एक बेहद सराहनीय कदम बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सत्यप्रकाश उपाध्याय ने युवाओं से आव्हान किया कि वे प्रतिदिन साइकिल को अपने जीवन में शामिल करें।
विश्वविद्यालय भी इस तरह के नवाचार करने की दिशा में अग्रसर है।
साइकिल रैली के अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ विवेक साठे ने अतिथियों का स्वागत किया और रैली के मार्ग के बारे में बताया।
यह रैली अब्दुल गनी खान स्टेडियम से प्रारंभ होते हुए, गोपाल गंज, बस स्टेशन और लाल स्कूल के मार्ग से गुजरी जहां बड़ी संख्या में नागरिक गण भी मौजूद थे।
रैली में सागर शहर से क्रीड़ा भारती ने भी सहभागिता की।
इस रैली में डॉ. अनिल कुमार तिवारी, दीपक शाक्य, डॉ संजय शर्मा, डॉ. सुमन पटेल, डॉ अलीम अहमद खान सहित कई शिकाक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Read More