
विधायक प्रदीप लारिया के प्रयास लाए रंग, रतौना जलाशय सुदृढ़ीकरण कार्य को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
भोपाल प्रवास के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सिंचाई एवं जल संरचना संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
विधायक लारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप रतौना जलाशय के मजबूतीकरण (रिपेयरिंग) कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
लारिया ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से नरयावली विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने एवं किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रतौना जलाशय के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा जल संरक्षण व्यवस्था भी मजबूत होगी।











