
सेफ क्लिक अभियान-2026 का 10वां दिन: धार्मिक स्थलों से सागर पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों और चर्चों में जनजागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए उपाय
सागर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित “सेफ क्लिक अभियान-2026” के तहत सागर पुलिस ने अभियान के 10वें दिन धार्मिक एवं सामुदायिक जागरूकता को केंद्र में रखकर जिलेभर में साइबर सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
अभियान के तहत जिले के मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, चर्चों और अन्य धार्मिक स्थलों के साथ-साथ सामुदायिक केंद्रों में श्रद्धालुओं और नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम तथा साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रमों के दौरान सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक अनाउंसमेंट) के जरिए साइबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए तथा पैम्फलेट और प्रचार सामग्री वितरित कर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि साइबर अपराध का शिकार हों तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें।
अभियान में धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।











