बांदरी में 26.5 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, बोले भूपेन्द्र सिंह—’यहीं से तैयार होंगे विकसित भारत के निर्माता’

बांदरी में 26.5 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, बोले भूपेन्द्र सिंह—’यहीं से तैयार होंगे विकसित भारत के निर्माता’
सागर/बांदरी, 3 जुलाई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बांदरी में 38.5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सांदीपनि विद्यालय के प्रथम चरण में निर्मित 26.5 करोड़ रुपये के भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भूमिपूजन भी किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि “यह नए भारत की पाठशाला है, जहां पढ़ने वाले विद्यार्थी विकसित भारत का निर्माण करेंगे।”
उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद कहा कि यहां स्मार्ट क्लास, डिजिटल लैब, आधुनिक लाइब्रेरी, किचन, मैस, तीन खेल मैदान और विश्वस्तरीय फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनके अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अब महानगरों के निजी स्कूलों जैसी आधुनिक शिक्षा और भारतीय संस्कार एक साथ मिलेंगे।
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों में शिक्षकों का चयन विशेष परीक्षा के माध्यम से होगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय में खेल, संगीत, कला, योग, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों की भी शिक्षा दी जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि विद्यालय के दूसरे चरण में लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास, स्टेडियम और अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में यहां 2,000 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी।
85 प्रतिशत से कम परिणाम पर होगी कार्रवाई
भूपेन्द्र सिंह ने विद्यालय के पिछले शैक्षणिक परिणामों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि इस वर्ष परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत से कम रहा तो प्राचार्य सहित पूरे शैक्षणिक स्टाफ के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जल्द शुरू होगी ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा
उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में सांदीपनि विद्यालयों के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को घर से विद्यालय तक लाने और छोड़ने की सुविधा मिलेगी।
दूसरी कक्षा के छात्र आनंद लोधी को मिला 10 हजार रुपये का पुरस्कार
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगीत, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। दूसरी कक्षा के छात्र आनंद लोधी ने अपने प्रभावशाली भाषण से सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद भूपेन्द्र सिंह ने उसे अपनी ओर से 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, प्राचार्य देवेंद्र मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, एसडीएम मनोज चौरसिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More