मेडिकल कॉलेज रोड और वृंदावन वार्ड में जलभराव रोकने विधायक शैलेंद्र जैन का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मेडिकल कॉलेज रोड एवं वृंदावन वार्ड में जलभराव रोकने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया निरीक्षण नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार के साथ नालों, पाइपलाइन एवं सीवरेज व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सागर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रोड एवं वृंदावन वार्ड क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार के साथ क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियर एवं संबंधित जोन प्रभारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेज रोड से लगे वृंदावन वार्ड की विभिन्न कॉलोनियों में प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की शिकायतें सामने आती हैं। प्रारंभिक समीक्षा में पाया गया कि नालों में गाद, मिट्टी एवं कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो जाती है, जिससे आसपास की बस्तियों में पानी भरने की स्थिति निर्मित होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए विधायक ने मौके पर पहुंचकर संपूर्ण जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने तालाब के चारों ओर बिछाई गई पाइपलाइन एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नालों का गंदा पानी तालाब में नहीं जाना चाहिए तथा इसके लिए बनाई गई सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।

विधायक श्री जैन ने निरीक्षण के दौरान नालों पर बनाए गए चैंबरों की तत्काल सफाई कराने, नालों के दोनों किनारों को पूरी तरह खोलने, उनमें जमी मिट्टी एवं गाद को हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर मैनुअल सफाई कराकर जल निकासी को निर्बाध बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि “बारिश के दौरान जलभराव के कारण लोगों के घरों में पानी भरने जैसी शिकायतें किसी भी स्थिति में नहीं आनी चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी समयबद्ध ढंग से कार्य करते हुए जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करें।”

नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की सफाई, पाइपलाइन की जांच एवं जल निकासी व्यवस्था से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे वर्षा के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियर, जोन प्रभारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। विधायक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Read More