अटल पार्क को सागर का ‘ऑक्सीजन बैंक’ बनाने का संकल्प : रिशांक तिवारी

अटल पार्क को सागर का ‘ऑक्सीजन बैंक’ बनाने का संकल्प : रिशांक तिवारी

संकल्प फाउंडेशन ने अध्यक्ष रिशांक तिवारी के नेतृत्व में अटल पार्क में रोपे छायादार एवं फलदार पौधे, नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंटों ने संभाली वृक्षारोपण अभियान की जिम्मेदारी

सागर। शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ संकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा वृक्षारोपण अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अटल पार्क में फाउंडेशन के अध्यक्ष  रिशांक तिवारी के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंटों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पीपल, बरगद और आम के लगभग 50 पौधे रोपे।

इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि अटल पार्क सागर शहर के प्रमुख हरित क्षेत्रों में से एक है। यहां पहले से बड़ी संख्या में पेड़-पौधे मौजूद हैं और लगातार पौधारोपण एवं उनके संरक्षण के माध्यम से इसे शहर के लिए एक बड़े ‘ऑक्सीजन बैंक’ के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसी तारतम्य में संकल्प फाउंडेशन ने अटल पार्क की हरियाली को और बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया है।

इस दौरान  रिशांक तिवारी ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच शहर में हरित क्षेत्रों का संरक्षण और विस्तार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अटल पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम घूमने और समय बिताने आते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी नियमित देखभाल कर शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा सकता है। संकल्प फाउंडेशन इसी सोच के साथ अटल पार्क सहित शहर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान को आगे बढ़ा रहा है।

रिशांक तिवारी ने कहा कि प्रकृति को हरा-भरा रखना हम सभी का कर्तव्य है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, हरियाली और स्वस्थ जीवन का आधार बनेगा। श्री रिशांक तिवारी ने सभी नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंटों से कहा कि वृक्षारोपण का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल हो और वे आगे चलकर बड़े वृक्ष का रूप लें। इसी कारण संकल्प फाउंडेशन पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और देखभाल को भी प्राथमिकता दे रहा है।

उन्होंने बताया कि संकल्प फाउंडेशन ने सागर शहर में 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की दिशा में अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 1200 पौधे लगाए जा चुके हैं। संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्थानीय नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पौधारोपण के बाद संबंधित क्षेत्रों में पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

रिशांक तिवारी ने कहा कि हाल ही में संकल्प फाउंडेशन द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में वार्ड प्रेसिडेंटों की नियुक्ति की गई है। अब फाउंडेशन के नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंट अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर सामाजिक गतिविधियों के साथ वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के अभियान को भी आगे बढ़ाएंगे। वार्ड स्तर पर उपयुक्त स्थानों को चिन्हित कर पौधारोपण किया जाएगा और स्थानीय लोगों की सहभागिता से लगाए गए पौधों के संरक्षण का प्रयास भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य केवल संख्या पूरी करने तक सीमित नहीं है। हमारा प्रयास है कि सागर में लगाए जाने वाले अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रहें, बड़े वृक्ष बनें और आने वाले वर्षों में शहर की हरियाली बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। अटल पार्क को सागर के ‘ऑक्सीजन बैंक’ के रूप में विकसित करने का संकल्प भी इसी अभियान का हिस्सा है।

संकल्प फाउंडेशन के राजीव नगर वार्ड प्रेसिडेंट नीरज करोसिया ने संकल्प फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए शहर स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान को वार्ड और स्थानीय स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। संकल्प फाउंडेशन द्वारा शुरू किया गया वृक्षारोपण अभियान लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उससे जुड़ने का अवसर दे रहा है।

इस अवसर पर विशाल तोमर, नीरज करोसिया, विशाल जाटव, स्वराज उपाध्याय, सोनिल पाठक, शिवांक तिवारी, सागर जाटव, मोनू लड़िया, विवेक बंसल, विशाल रजक, राम पटेल, राज अली, गर्व वर्मा सहित संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी, नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंट, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More