
आचार्य विभव सागर जी महाराज के दर्शन कर विधायक शैलेंद्र जैन ने लिया आशीर्वाद, धर्म-संस्कृति और जनकल्याण पर हुई चर्चा
भोपाल रोड स्थित आदर्श रेसिडेंसी में ससंघ दर्शन, संतों के मार्गदर्शन को समाज के लिए बताया प्रेरणास्रोत
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भोपाल रोड स्थित आदर्श रेसिडेंसी पहुंचकर परम पूज्य आचार्य श्री 108 विभव सागर जी महाराज के ससंघ दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने आचार्य श्री से धर्म, संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा की।
विधायक जैन ने आचार्य श्री के चरणों में वंदन करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को सही दिशा प्रदान करता है। उनके विचार मानव जीवन में नैतिकता, सेवा, संयम और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि महान संतों का मार्गदर्शन सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
आचार्य श्री विभव सागर जी महाराज ने विधायक शैलेंद्र जैन को आशीर्वाद देते हुए समाज में सेवा, सद्भाव और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धर्म, संस्कार और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बताते हुए सभी से आध्यात्मिक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनोज जैन, भव्य जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के धर्मावलंबी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त कर धर्मलाभ अर्जित किया।











