
समय के साथ खुद को बदलने वाले ही आगे बढ़ते हैं: भूपेन्द्र सिंह, दीपक मेमोरियल एकेडमी में रोबोटिक्स लैब का किया उद्घाटन
अवार्ड सेरेमनी में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, नई तकनीक सीखने और समय का सदुपयोग करने का दिया संदेश
सागर/मकरोनिया। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज के दौर में वही व्यक्ति आगे बढ़ता है, जो समय के अनुसार स्वयं को बदलना सीखता है। नई तकनीकों को अपनाना और निरंतर सीखते रहना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वे दीपक मेमोरियल एकेडमी की अवार्ड सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में स्थापित रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने कहा कि आज देश के अधिकांश उभरते खिलाड़ी और पदक विजेता छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों से निकल रहे हैं। सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि हर दिन स्वयं को बेहतर बनाने का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का महत्व बताते हुए कहा कि जो कार्य आज किया जा सकता है, उसे कल पर टालना असफलता की शुरुआत है। तरक्की व्यस्त रहने से नहीं, बल्कि व्यवस्थित ढंग से काम करने से मिलती है।
भूपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को अमेरिका के राष्ट्रपति बेंजामिन फ्रैंकलिन के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह देते हुए कहा कि समय ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने नियमित दिनचर्या, अनुशासन, अध्ययन, खेल और आत्ममूल्यांकन को सफलता का आधार बताया। विद्यार्थियों से उन्होंने प्रतिदिन स्वयं से यह प्रश्न पूछने का आह्वान किया कि “आज मैं क्या अच्छा करूंगा?” और दिन समाप्त होने पर यह कि “आज मैंने क्या अच्छा किया?”
उन्होंने कहा कि युवाओं में जोखिम लेने का साहस होना चाहिए। जो सुरक्षित किनारों पर खड़े रहते हैं, वे कभी सफलता की गहराइयों तक नहीं पहुंचते। खेल और फिटनेस केवल स्वास्थ्य के लिए नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और चरित्र निर्माण के लिए भी आवश्यक हैं।
रोबोटिक्स लैब के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि रोबोटिक्स केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि स्टार्टअप, नवाचार और उद्योग स्थापित करने का अवसर भी है। भारत में रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। जो विद्यार्थी आज इन तकनीकों में दक्ष होंगे, वही भविष्य का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने संस्थान में रोबोटिक्स लैब स्थापित करने के लिए चेयरमैन ब्रज जायसवाल, प्राचार्य डॉ. ऋतु जायसवाल तथा श्रीकृष्ण जायसवाल को बधाई दी।
कार्यक्रम में दीपक मेमोरियल एकेडमी की ओर से भूपेन्द्र सिंह का स्वागत अनूठे अंदाज में किया गया। पुष्पमालाओं के स्थान पर जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए 5,000 पुस्तकों का संकलन भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में संस्था के चेयरमैन ब्रज जायसवाल, प्राचार्य डॉ. ऋतु जायसवाल, वाइस प्रिंसिपल अजय श्रीवास्तव, श्रीकृष्ण जायसवाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।











