सागर के नवनिर्मित बोट क्लब का लोकार्पण, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने नहर विकास के लिए ₹5 करोड़ व आधुनिक जिम हेतु ₹50 लाख देने की घोषणा

सागर के नवनिर्मित बोट क्लब का भव्य लोकार्पण, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने नहर विकास के लिए ₹5 करोड़ व आधुनिक जिम हेतु ₹50 लाख देने की घोषणा

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन की मांग पर मिली स्वीकृति, सागर को पर्यटन हब बनाने का संकल्प दोहराया

सागर। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास विभाग द्वारा लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बोट क्लब का लोकार्पण समारोह मंगलवार को संजय ड्राइव स्थित लाखा बंजारा झील परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सागर विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों में सुश्री मेघा दुबे, श्री शैलेश केसरवानी एवं श्री अमित बैसाखिया शामिल थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा नवनिर्मित बोट क्लब का फीता काटकर लोकार्पण करने के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने भवन का अवलोकन कर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।

मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि सागर को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन की मांग पर तालाब से लगी नहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा बोट क्लब में आधुनिक जिम उपकरणों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि लाखा बंजारा झील बुंदेलखंड की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अगले 15 दिनों में यहां फ्लोटिंग जेट्टी भी स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन विकास को नई दिशा दे रही है तथा बुंदेलखंड में प्राकृतिक एवं वन पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई पर्यटन नीति लागू कर निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। उनका प्रयास है कि मध्य प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बने। उन्होंने यह भी बताया कि सागर में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एमपीटी) का एक बड़ा होटल स्थापित करने के लिए अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर का तालाब शहर की पहचान और धरोहर है। इसके संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन से सागर के पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक श्री जैन ने बताया कि शहर में जल क्रीड़ा गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 42 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 5 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। इनमें से 3 बालिकाओं ने विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर सागर का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मंत्री श्री लोधी ने खिलाड़ियों के अभिभावकों का सम्मान भी किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि जहां कभी संजय ड्राइव पर केवल पगडंडी हुआ करती थी, आज वहां आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित हुई हैं, जिसका श्रेय विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन के सतत प्रयासों को जाता है।

महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि जल पर्यटन के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा झील की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन श्री एम.डी. त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, प्रकाश चौबे, गोलू रिछारिया, सुरेंद्र कुमार जैन, धर्मेंद्र खटीक, पराग बजाज, संजीव (नीटू) जड़िया, प्रफुल्ल तिवारी, नीरज (गोलू) कोरी, शालीन सिंह, राहुल नामदेव, नरेश धानक, वैदेही पुरोहित, वीरेंद्र जैन मालथौन, निखिल अहिरवार, नितिन सोनी, श्रीकांत जैन, रीतेश तिवारी, जय सोनी, विनय मिश्रा, रामकुमार साहू, रामेश्वर नेमा, निर्भय घोषी, उर्मिला सहारे, प्रमिला मौर्य, रश्मि कुशवाहा, डॉ. पी.एस. ठाकुर, सुरेंद्र जैन, शारदा कोरी, दीपक दुबे, नीरज (गोलू) जैन, वीनू राणा, अकलंक जैन, समर जैन, आकाश तिवारी, नितिन साहू, राजेश पटेल, पप्पू तिवारी, अंशुल हर्षे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More