
सागर में लॉ स्टूडेंट पर हमला, लूट की कोशिश नाकाम: विरोध करने पर बेल्ट से बेरहमी से पीटा, FIR दर्ज
सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय (यूटीडी) के लॉ छात्र पर बुधवार शाम लूट के प्रयास के दौरान अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्र को बेल्ट से बेरहमी से पीटा और उसका मोबाइल फोन लेकर भाग निकले। हालांकि मोबाइल ट्रेस होने की आशंका के चलते बदमाश कुछ दूरी पर उसे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लॉ छात्र मनीष अहिरवार बुधवार शाम करीब 7:30 बजे यूटीडी से मनोरमा कॉलोनी रोड स्थित दूध दरबार मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर पैसे छीनने का प्रयास किया। छात्र के पास नकदी नहीं मिलने पर आरोपियों ने बेल्ट से उसकी पीठ, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया। मारपीट में छात्र की आंख में भी चोट आई।
घटना के बाद आरोपी छात्र का मोबाइल फोन भी साथ ले गए, लेकिन ट्रेस होने के डर से कुछ दूरी पर उसे फेंककर फरार हो गए। घायल छात्र ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।










