
रिकॉर्ड रूम में भारी अव्यवस्था पर कलेक्टर प्रतिभा पाल सख्त, सहायक ग्रेड-3 निलंबित
औचक निरीक्षण में रिकॉर्ड प्रबंधन की लापरवाही उजागर, एसओपी, रोस्टर और जवाबदेही तय करने के निर्देश
सागर। कलेक्ट्रेट की नकल शाखा एवं अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम) में अव्यवस्था और लंबित प्रकरणों को लेकर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को किए गए औचक निरीक्षण में रिकॉर्ड के रख-रखाव में गंभीर लापरवाही और प्रकरणों की भारी पेंडेंसी मिलने पर उन्होंने सहायक ग्रेड-3 सुधीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों के स्तर पर प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित हैं, उनकी सूची तैयार कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने रिकॉर्ड प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी अभिलेखों के रख-रखाव, प्राप्ति एवं निराकरण हेतु स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करने और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू करने को कहा।
उन्होंने नकल शाखा और लोकसेवा केंद्र के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लोकसेवा केंद्र का ऑपरेटर अथवा रनर प्रतिदिन शाखा में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करेगा तथा लंबित प्रकरणों का दैनिक विवरण रजिस्टर में अंकित करेगा। इससे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग और समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।











