
विठ्ठलनगर वार्ड से ग्राम भैंसा लिंक रोड का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के दिए निर्देश
सागर। सागर विधायक माननीय शैलेंद्र कुमार जैन ने शुक्रवार को विठ्ठलनगर वार्ड से ग्राम भैंसा तक निर्माणाधीन लिंक रोड का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया तथा कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
विधायक जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित सभी तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क का निर्माण ऐसा हो जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे और क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराए।
उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से भी नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में सागर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद देवेन्द्र अहिरवार, निखिल अहिरवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विधायक श्री जैन का आभार व्यक्त किया।











