
थाना बहेरिया जिला सागर
दिनांक : 10 जुलाई 2026
बहेरिया पुलिस ने झपटमारी की वारदात का किया खुलासा
दो विधिविरुद्ध बालक अभिरक्षा में, लगभग ₹50 हजार नगद, कंपनी का टैबलेट, बैग एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
एक फरार आरोपी की तलाश जारी
सागर पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बहेरिया पुलिस ने वरुण स्मृति उद्यान के पास हुई झपटमारी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से घटना में छीना गया बैग, कंपनी का टैबलेट, लगभग ₹50,000 नगद एवं घटना में प्रयुक्त नीले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दिनांक 07 जुलाई 2026 को फरियादिया पूनम कहार (24 वर्ष) निवासी वर्तमान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मकरोनिया ने थाना बहेरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। फील्ड से समूह ऋण की वसूली कर स्कूटी से वापस लौटते समय उनके पास कलेक्शन की ₹95,025 राशि, स्वयं के ₹20,000, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, बायोमैट्रिक मशीन एवं अन्य सामग्री सहित कुल लगभग ₹1,31,368 मूल्य का सामान बैग में रखा हुआ था।
जब वह वरुण स्मृति उद्यान एवं वेयरहाउस के बीच सुनसान स्थान से गुजर रही थीं, तभी नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और स्कूटी का स्टैंड खुला होने की बात कहकर उन्हें रुकवाया। जैसे ही फरियादिया स्टैंड देखने के लिए मुड़ीं, बीच में बैठे युवक ने स्कूटी में टंगा बैग झपट लिया तथा पीछे बैठे युवक ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे फरियादिया गिर गईं। इसके बाद तीनों आरोपी बैग सहित मौके से फरार हो गए।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना बहेरिया में अपराध क्रमांक 188/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों बालकों ने अपने एक साथी वीरसिंह पटैल के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में छीना गया बैग, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, लगभग ₹50,000 नगद तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
दोनों विधिविरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया है। प्रकरण के शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सउनि देवेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक विश्वनाथ मिश्रा, प्रधान आरक्षक कैलाश विश्वकर्मा, आरक्षक नरेन्द्र रावत, देवराजेन्द्र सोनी, बबलू पटैल, शुभम, राजेन्द्र, राघवेन्द्र, महिला आरक्षक नम्रता, महिला आरक्षक भावना सहित थाना बहेरिया के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।











