विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन की पहल रंग लाई, संवाद के बाद नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन की पहल रंग लाई, संवाद के बाद नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त

नगरहित को सर्वोपरि मानते हुए कर्मचारी लौटे काम पर, समस्याओं के शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन

सागर। नगर पालिका निगम सागर के कर्मचारी संघ द्वारा पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल का शुक्रवार को सकारात्मक समाधान निकल आया। सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा नगर निगम प्रशासन को उनके शीघ्र एवं न्यायोचित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विधायक की पहल और सकारात्मक संवाद के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए नगरहित को सर्वोपरि मानकर पुनः कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।

बैठक के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी उचित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की व्यवस्थाओं की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण आवश्यक है, ताकि शहर की नागरिक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

विधायक  जैन ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन संबंधी समस्याओं एवं नगर निगम की वित्तीय स्थिति को लेकर वे पूर्व में मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को नगर निगम की वित्तीय चुनौतियों और कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री ने भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

चर्चा के उपरांत कर्मचारी संघ ने विधायक की पहल पर विश्वास जताते हुए हड़ताल समाप्त करने और तत्काल अपने कार्यों पर लौटने की घोषणा की। विधायक श्री जैन ने कर्मचारी संघ के इस सहयोगात्मक एवं जिम्मेदाराना निर्णय की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संवाद, सहयोग और पारस्परिक विश्वास के माध्यम से ही जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान संभव है।

उन्होंने कहा कि नगरहित सर्वोपरि है और जनसुविधाओं को प्रभावित किए बिना कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन, प्रशासन और कर्मचारी संगठन के बीच बेहतर समन्वय से नगर के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव राजेश सिंह, कर्मचारी संघ अध्यक्ष हरेंद्र खटीक, सुदेश संकत सहित कर्मचारी संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने आपसी सहयोग और सकारात्मक संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Comment

Read More