हत्या के प्रयास के प्रकरण में फरार एवं ईनामी आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

थाना मोतीनगर, जिला सागर
दिनांक : 11 जुलाई 2026

थाना मोतीनगर पुलिस की बड़ी सफलता

हत्या के प्रयास के प्रकरण में फरार एवं ईनामी आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

सागर। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना मोतीनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 27 अगस्त 2025 को फरियादी भूपेश चौबे निवासी राजीवनगर, थाना मोतीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीजा पर्व के दौरान पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर आरोपीगण मृदुल चौबे, सुरेश चौबे, विवेक चौबे, रीतेश चौबे, देवेन्द्र चौबे एवं रूपेश चौबे हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी, तलवार एवं कट्टे से प्राणघातक हमला किया, जिससे प्रभात चौबे, महेश चौबे, निधि चौबे एवं सुदामा चौबे सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। विशेष रूप से आरोपी रूपेश चौबे द्वारा सुदामा चौबे पर कट्टे से गोली चलाकर जान से मारने का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रकरण में थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 767/2025 अंतर्गत धारा 109, 115(2), 118(2), 296, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपी सुरेश चौबे एवं विवेक चौबे को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा इनाम भी घोषित किया गया था।

लगातार की जा रही तलाश एवं मुखबिर सूचना के आधार पर थाना मोतीनगर पुलिस ने दिनांक 10 जुलाई 2026 को फरार एवं ईनामी आरोपी रूपेश चौबे (उम्र 37 वर्ष), निवासी हनुमान मंदिर के पास, राजीवनगर, थाना मोतीनगर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक गौरव गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक माधव सिंह, प्रधान आरक्षक नदीम, प्रधान आरक्षक दिनेश, आरक्षक सत्येन्द्र, आरक्षक अनुराग सहित थाना मोतीनगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More