11 हजार पौधारोपण के “संकल्प” की ओर बढ़ते कदम, किशोर न्याय बोर्ड परिसर में संकल्प फाउंडेशन ने किया पौधारोपण

11 हजार पौधारोपण के “संकल्प” की ओर बढ़ते कदम, किशोर न्याय बोर्ड परिसर में संकल्प फाउंडेशन ने किया पौधारोपण

महापौर संगीता सुशील तिवारी, विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायाधीश अंकित श्रीवास्तव एवं किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट वीणा अग्निहोत्री के साथ संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने रोपे पौधे

अभियान के अंतर्गत अब तक लगाए जा चुके हैं लगभग 1250 पौधे

सागर। शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 11 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ संकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा वृक्षारोपण अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को किशोर न्याय बोर्ड परिसर में संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर नगर निगम की महापौर  संगीता सुशील तिवारी एवं प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्रीमती वीणा अग्निहोत्री उपस्थित रहीं। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 20 पौधे रोपे गए। इसके साथ ही फाउंडेशन के अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 1250 पौधे लगाए जा चुके हैं।

इस अवसर पर महापौर  संगीता सुशील तिवारी ने संकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हेतु संकल्प फाउंडेशन के कार्य प्रशंसनीय हैं। उन्होंने सागर को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायाधीश अंकित श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक पर्यावरणीय पहल नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। जब जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण होगा, तभी स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव हो सकेगा।

प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्रीमती वीणा अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण से न केवल प्रकृति का संतुलन बना रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित होता है।

  • पौधारोपण के साथ संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएगा संकल्प फाउंडेशन : रिशांक तिवारी

इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष  रिशांक तिवारी ने कहा कि 11 हजार पौधे लगाने के संकल्प से हमारा प्रयास है कि, सागर शहर के विभिन्न सार्वजनिक एवं संस्थागत परिसरों में हरियाली बढ़े और इसी सोच के साथ संकल्प फाउंडेशन लगातार शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधारोपण कर रहा है। श्री रिशांक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि संकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 1250 पौधे लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि संकल्प फाउंडेशन द्वारा वृक्षारोपण अभियान को अब वार्ड स्तर तक आगे बढ़ाया जा रहा है। श्री तिवारी ने बताया कि संकल्प फाउंडेशन के नवनियुक्त वार्ड प्रेसिडेंट अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों के साथ मिलकर पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करने, अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हमारा संकल्प फाउंडेशन के माध्यम से यह प्रयास है कि वृक्षारोपण का यह अभियान शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचे और अधिक से अधिक नागरिक इससे जुड़ें।

इस दौरान  रिशांक तिवारी ने कहा कि शहर के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न विभागों की सहभागिता से 11 हजार पौधे लगाने के संकल्प को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और आज किशोर न्याय बोर्ड परिसर में किया गया पौधारोपण भी इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि, आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी सार्वजनिक स्थान, परिसर अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर पौधारोपण के लिए जगह उपलब्ध है, तो इसकी जानकारी संकल्प फाउंडेशन को दें। जानकारी मिलते ही संकल्प, फाउंडेशन की टीम संबंधित स्थान पर पौधारोपण करने के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए भी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष  किरण शर्मा, भगवत शरण वनवारिया, सुरेंद्र सेन, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य वंदना तोमर, चंद्रप्रकाश शुक्ला,टिंकू साहू, महक समैया, निष्कर्ष दुबे, संचित शुक्ला, सोनिल पाठक, शुभम नामदेव, नमन चौबे, शुभम सागर, शिवांक तिवारी, सचिन, सागर जाटव एवं मोनू लाड़िया, किशोर न्याय बोर्ड तथा संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी सहित संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी, वार्ड प्रेसिडेंट, सदस्यगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More