एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, विधायक शैलेन्द्र जैन ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर किया पौधारोपण

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, विधायक शैलेन्द्र जैन ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर किया पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का लिया संकल्प, नागरिकों से पौधारोपण एवं संरक्षण का किया आह्वान

सागर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। ये हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण, संतुलित जलवायु और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए पौधारोपण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन गई है।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण का जनआंदोलन है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बड़ा और सार्थक कदम होगा।

विधायक  जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया, ताकि सागर को और अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सके।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पार्षद अनूप उर्मिल सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

Read More