
सीताराम रसोई में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर सम्पन्न, विधायक शैलेंद्र जैन ने भवन विस्तार हेतु विधायक निधि से ₹25 लाख देने की घोषणा
करीब 200 लोगों की हुई नेत्र जांच, 30 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित, 130 लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण
सागर। संत रविदास वार्ड स्थित सीताराम रसोई परिसर में राजकुमारी अग्रवाल की प्रेरणा से उनके पुत्र एवं सीताराम रसोई संस्था के सक्रिय सदस्य आलोक अग्रवाल द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन शामिल हुए और जनसेवा के इस पुनीत अभियान की सराहना करते हुए संस्था भवन के प्रथम तल के निर्माण के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
अपने संबोधन में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सीताराम रसोई संस्था वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों के कारण वर्तमान भवन छोटा पड़ने लगा है। ऐसे में संस्था के विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए विधायक निधि से 25 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे भवन के प्रथम तल का निर्माण कराया जा सके और समाजसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ दृष्टि प्रत्येक व्यक्ति के बेहतर जीवन की आधारशिला है। निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण जैसे आयोजन समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। इस प्रकार के सेवा कार्य न केवल जरूरतमंदों को राहत प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
शिविर में लगभग 200 लोगों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 30 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिन्हें ऑपरेशन हेतु चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रिया के लिए पंजीकृत किया गया। वहीं 130 लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इसके अलावा कुछ ऐसे मरीज भी चिन्हित किए गए जिन्हें विशेष प्रकार के चश्मों की आवश्यकता है। उन्हें माप एवं परीक्षण के आधार पर तैयार किए जाने वाले स्पेशल चश्मे शीघ्र ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
विधायक जैन ने इस जनकल्याणकारी आयोजन से जुड़े सभी चिकित्सकों, आयोजकों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि मानव सेवा और समाज कल्याण के ऐसे प्रयास निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही सभी की कामना होनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर संजीव चौरसिया ने किया, जबकि संस्था के सचिव श्री प्रकाश चौबे ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बीएमसी डीन डॉ पी एस ठाकुर,डॉ. राजेन्द्र चौदा, किशन सिंह ठाकुर, इंजीनियर प्रकाश चौबे, डॉ. अंजली पटेल, डॉ. अदिति दुबे, आलोक अग्रवाल, मनोज डेंगरे, अतुल ठाकुर, दिलीप मुखारया, डॉ. उमेश पटेल, श्री राजेश गुप्ता, विनीत जैन, संजीव चौरसिया, राजीव चौरसिया, राजकुमार नामदेव, चेतराम अहिरवार, प्रभुदयाल साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











