
थाना विनायका, जिला सागर
दिनांक : 14 जुलाई 2026
विनायका पुलिस की बड़ी सफलता
पैसों के विवाद में पिता की हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन की सुरक्षा तथा गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सागर पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना विनायका पुलिस ने पैसों के विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर शव को घास के नीचे छिपाने वाले आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 13 जुलाई 2026 को फरियादिया जगरानी रावत, पत्नी स्व. खज्जू रावत, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम पिथौली, थाना विनायका ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति खज्जू रावत घर से निकले थे, जिन्हें उनका पुत्र फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत अपने साथ ले गया था। इसके बाद से वे वापस नहीं लौटे। कुछ समय बाद उनका शव गांव के समीप स्थित एक टपरिया में घास के नीचे छिपा हुआ मिला। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हुआ कि किसी भारी एवं वजनदार वस्तु से प्रहार कर उनकी हत्या की गई है।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना विनायका में अपराध क्रमांक 80/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 238(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी विनायका के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश प्रारंभ की गई।
तलाश के दौरान आरोपी फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत, पिता खज्जू रावत, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिथौली, थाना विनायका को जंगल क्षेत्र से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद के चलते अपने पिता की हत्या करना तथा शव को टपरिया में घास के नीचे छिपा देना स्वीकार किया।
आरोपी के कथनों की पुष्टि उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों से होने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बंडा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल, सागर भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी विनायका उपनिरीक्षक भूपेंद्र विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक लोकमन राही, प्रधान आरक्षक जयपाल सिंह घोष, प्रधान आरक्षक बादल यादव, आरक्षक सोमेश मिश्रा, आरक्षक पुष्पेंद्र सेन एवं महिला आरक्षक रोशनी पांडे सहित थाना विनायका पुलिस टीम की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस की अपील
सागर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध, उत्पीड़न अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। आपकी समय पर दी गई सूचना अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।











