
जिला पुलिस सागर
दिनांक : 15 जुलाई 2026
नशा मुक्ति अभियान 2.0 का जिलेभर में भव्य शुभारंभ
खेल परिसर सागर से निकली विशाल जन-जागरूकता रैली, सभी 35 थाना क्षेत्रों में हुए विविध जागरूकता कार्यक्रम
स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर रैलियां, शपथ, संवाद एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से हजारों नागरिकों और विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प
15 से 30 जुलाई तक जिलेभर में आयोजित होंगे जन-जागरूकता, खेल, सांस्कृतिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित “नशा मुक्ति अभियान 2.0” का शुभारंभ आज जिला सागर में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा जनसहयोग के माध्यम से स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
जिला मुख्यालय स्तर पर अभियान का शुभारंभ खेल परिसर सागर से किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक रेडियो सुरेश मर्सकोले, उप पुलिस अधीक्षक यातायात मयंक चौहान, उप पुलिस अधीक्षक फिंगर प्रिंट विजय भूमरकर, रक्षित निरीक्षक नीतेश वायकर, पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) सागर के अधिकारी एवं प्रशिक्षु, जिला खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर एवं उनके प्रशिक्षकगण, शहर के समस्त थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, युवा, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ नशा मुक्ति शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, न ही अपने परिवार अथवा परिचितों को नशे के लिए प्रेरित होने देंगे तथा नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।
शपथ उपरांत खेल परिसर से एक विशाल जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली खेल परिसर से प्रारंभ होकर पीली कोठी, कालीचरण चौराहा, सिविल लाइन सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः खेल परिसर पहुंची। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में नशा मुक्ति संबंधी संदेशों वाली तख्तियां एवं बैनर लेकर आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मार्ग में नागरिकों द्वारा रैली का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के साथ-साथ सागर जिले के सभी 35 थाना क्षेत्रों में भी “नशा मुक्ति अभियान 2.0” के अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, संवाद सत्र, जनसंपर्क अभियान एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
अभियान के प्रथम दिवस पर जिलेभर में हजारों विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान के अंतर्गत जिलेभर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जन-जागरूकता रैलियां, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में संवाद, नशा मुक्ति विषयक कार्यशालाएं, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, जनसंपर्क अभियान, नुक्कड़ नाटक, परामर्श सत्र तथा अन्य जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
सागर पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि आइए, हम सभी मिलकर नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन को सफल बनाएं तथा स्वस्थ, सुरक्षित, समृद्ध एवं नशामुक्त सागर तथा नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।











