
सागर पुलिस में पदोन्नति की बड़ी सौगात: 25 कार्यवाहक निरीक्षक और उप निरीक्षक बने निरीक्षक, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह भी पदोन्नत
आईजी, डीआईजी और एसपी ने पदोन्नत अधिकारियों को लगाए नए पद के स्टार, पुलिस परिवार में खुशी का माहौल
सागर। मध्यप्रदेश पुलिस में लंबे इंतजार के बाद जारी हुई पदोन्नति सूची के बाद सागर जिले के पुलिस विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के 25 कार्यवाहक निरीक्षक एवं उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में सागर के मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह का नाम भी शामिल है।
पदोन्नति के बाद पुलिस अधिकारियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, सागर मिथिलेश कुमार शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक, सागर रेंज, सागर शशीन्द्र चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पदोन्नत अधिकारियों को उनके नवीन पद के स्टार लगाकर सम्मानित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी पदोन्नत पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों, कर्तव्यों और जनता के प्रति विश्वास में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह की पदोन्नति पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हर्ष व्यक्त किया। उनके साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पदोन्नति समारोह के दौरान सागर पुलिस परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा। पदोन्नत अधिकारियों को साथी अधिकारियों, कर्मचारियों और मित्रों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर बधाई दी।
पुलिस विभाग ने कहा कि यह पदोन्नति अधिकारियों के वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, निष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है। साथ ही यह युवा पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा है कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती है










