
सागर: नकाबपोश बदमाशों का शराब दुकान पर हमला, कर्मचारियों से मारपीट, तोड़फोड़ का CCTV आया सामने
सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र के देवरी मार्ग पर स्थित शराब दुकान में नकाबपोश बदमाशों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया। आधा दर्जन से अधिक बदमाश अचानक दुकान में घुस आए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई,जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार,बदमाश हाथों में डंडे लेकर दुकान में पहुंचे और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के बाद आरोपियों ने दुकान के काउंटर, फर्नीचर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और विवाद का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
शराब दुकान के कर्मचारियों की शिकायत पर गौरझामर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक,सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।











