सागर पुलिस रेडियो शाखा के दो अधिकारियों को पदोन्नति, डीआईजी शशीन्द्र चौहान ने स्टार लगाकर दी शुभकामनाएं

सागर पुलिस रेडियो शाखा के दो अधिकारियों को पदोन्नति, डीआईजी शशीन्द्र चौहान ने स्टार लगाकर दी शुभकामनाएं
सागर। पुलिस रेडियो सागर इकाई के लिए 16 जुलाई का दिन गौरव और सम्मान का रहा। लंबे समय से उत्कृष्ट कार्यशैली, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और समर्पित सेवाओं के लिए पहचान रखने वाले कार्यवाहक निरीक्षक रेडियो सचिन नागरे और उप निरीक्षक रेडियो देवेश मिश्रा को पदोन्नति देकर निरीक्षक (रेडियो) बनाया गया।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक, सागर रेंज  शशीन्द्र चौहान ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर निरीक्षक पद के स्टार लगाकर उन्हें पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और जनसेवा के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है।
डीआईजी चौहान ने कहा कि पुलिस रेडियो शाखा पुलिस व्यवस्था की जीवनरेखा है। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, वीआईपी ड्यूटी, आपातकालीन परिस्थितियों और पुलिस अभियानों के दौरान त्वरित एवं निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने में रेडियो शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पदोन्नत अधिकारी अपनी तकनीकी दक्षता, अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस रेडियो व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदोन्नत अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment

Read More