
जिला पुलिस सागर
दिनांक : 17 जुलाई 2026
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 : दूसरे दिन पूरे जिले में जन-जागरूकता का महाअभियान, हजारों विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के दूसरे दिन जिला सागर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेन्द्र सोलंकी एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शहरी एवं ग्रामीण अंचलों तक अभियान को प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए प्रेरणादायक रील्स, लघु फिल्में (शॉर्ट फिल्म), जागरूकता वीडियो एवं संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों, बीट प्रभारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। अनेक स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने भी नशे के विरुद्ध अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए पुलिस के प्रयासों की सराहना की और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
जिला पुलिस सागर का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त कर सुरक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना भी है। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां, जनसंवाद, रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं शपथ समारोह आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
सागर पुलिस का संदेश:
“नशे से दूरी ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी मजबूरी नहीं, बल्कि सबसे अच्छी समझदारी है। आइए, स्वयं भी नशे से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें।”











