बांदरी पुलिस की बड़ी सफलता: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास एवं हत्या जैसे गंभीर मामलों के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय से जेल भेजे गए


जिला पुलिस सागर
दिनांक : 17 जुलाई 2026

बांदरी पुलिस की बड़ी सफलता: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास एवं हत्या जैसे गंभीर मामलों के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय से जेल भेजे गए

सागर। जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, खुरई श्री प्रवीण अस्थाना के पर्यवेक्षण में थाना बांदरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, हत्या के प्रयास एवं हत्या जैसे तीन अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

6 माह से फरार दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

थाना बांदरी के अपराध क्रमांक 362/2025 में आरोपी मानसिंह लोधी पिता कल्याण लोधी, निवासी ग्राम रूरावन, थाना छानबीला द्वारा एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की गंभीर घटना कारित की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था तथा पिछले छह माह से फरार था।

थाना बांदरी पुलिस ने लगातार तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी रखी और सटीक सूचना के आधार पर ग्राम रूरावन में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

हत्या के प्रयास के मामले में हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

दूसरे प्रकरण में अप्रैल 2026 में ग्राम मोठी स्थित सड़क निर्माण सामग्री प्लांट के पास आरोपी रविंद्र उर्फ अमित एवं उसके साथियों द्वारा यश राजपूत के साथ लोहे की रॉड एवं पाइप से जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। इस मामले में थाना बांदरी में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था तथा 08 नामजद आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।

इसी क्रम में पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए रोहित पिता सुरेंद्र लठार, निवासी जिला जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपी को बांदरी लाकर वैधानिक कार्रवाई की गई।

हत्या के मामले का मुख्य आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में

तीसरे प्रकरण में गत सप्ताह ग्राम हनोता में जमीन विवाद को लेकर आरोपी नरेंद्र लोधी, सुरेंद्र लोधी, देवेंद्र लोधी, अमर लोधी एवं अन्य द्वारा हरनाम सिंह लोधी के साथ कटरना, कुल्हाड़ी एवं डंडों से गंभीर मारपीट की गई थी। उपचार के दौरान हरनाम सिंह लोधी की मृत्यु हो जाने पर आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

इस प्रकरण में पूर्व में अमर लोधी, सुरेंद्र लोधी, मेमबाई एवं अनीता लोधी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही तलाश के दौरान मुख्य आरोपी नरेंद्र लोधी को सागर से गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

तीनों गंभीर प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के उपरांत सभी आरोपियों को उप जेल खुरई दाखिल कराया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त तीनों गंभीर मामलों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह गुर्जर, आरक्षक जयराम यादव, राजेश यादव, अरविंद एवं सत्येंद्र राजपूत का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

सागर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि गंभीर अपराध कर फरार होने वाले अपराधी कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकते। जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

Read More