रात्रि 3 बजे सुनसान सड़क पर अकेली मिली नाबालिग, डायल-112 की तत्परता से सकुशल परिजनों तक पहुंची

रात्रि 3 बजे सुनसान सड़क पर अकेली मिली नाबालिग, डायल-112 की तत्परता से सकुशल परिजनों तक पहुंची
सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली संभावित अनहोनी, जागरूक नागरिक की सूचना बनी सुरक्षा की पहली कड़ी
सागर। रात्रि के अंधेरे में सुनसान सड़क पर अकेली मिली करीब 14-15 वर्षीय नाबालिग बालिका को डायल-112 और एफआरवी टीम की तत्परता से सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से संभावित दुर्घटना अथवा किसी अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, डायल-112 प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को बच्चों से संबंधित किसी भी सूचना पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत 18 जुलाई 2026 की रात करीब 3:01 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से इवेंट क्रमांक 0745 पुलिस कंट्रोल रूम सागर को सूचना प्राप्त हुई कि निर्तला पेट्रोल पंप के पास एक नाबालिग बालिका अकेली घूम रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने बिना किसी देरी के एफआरवी-27 खुरई को मौके के लिए रवाना किया। एफआरवी स्टाफ ने घटनास्थल पर पहुंचकर बालिका से संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक बातचीत की। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके परिजनों की जानकारी प्राप्त कर तत्काल उसके पिता और भाई से संपर्क किया।
इसके बाद पुलिस टीम बालिका को पूरी सुरक्षा के साथ उसके निवास ग्राम वेरखेड़ी लेकर पहुंची और उसके पिता एवं परिजनों के सुपुर्द किया। बेटी के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने सागर पुलिस, डायल-112 और एफआरवी टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 3 बजे सुनसान मार्ग पर अकेली नाबालिग बालिका का होना संभावित दुर्घटना, अपराध या किसी अन्य अप्रिय घटना का कारण बन सकता था। ऐसे में एक जागरूक नागरिक द्वारा समय पर डायल-112 पर सूचना देना और पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करना बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ।
इस सराहनीय कार्रवाई में एफआरवी-27 खुरई के स्टाफ-770 आरक्षक संजय कुमार एवं पायलट शिव कुमार दांगी की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण विशेष रूप से प्रशंसनीय रहा। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम सागर द्वारा सूचना मिलते ही एफआरवी टीम के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया।
सागर पुलिस ने जागरूक नागरिक का विशेष आभार व्यक्त करते हुए आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या बच्ची असहाय, भटका हुआ अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे, तो तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। आपकी एक छोटी सी पहल किसी मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने के साथ-साथ संभावित अपराध या अनहोनी को भी रोक सकती है।

Leave a Comment

Read More