
वन हेल्थ एंड एग्रोइकोलॉजी प्रोजेक्ट के तहत सागर में जिला स्तरीय इंटर-डिपार्टमेंटल क्रॉस-सेक्टोरल प्लेटफॉर्म की पहली बैठक आयोजित
सागर। वन हेल्थ एंड एग्रोइकोलॉजी प्रोजेक्ट के अंतर्गत माननीय कलेक्टर महोदया के निर्देशन में गठित जिला स्तरीय इंटर-डिपार्टमेंटल क्रॉस-सेक्टोरल प्लेटफॉर्म की पहली बैठक 17 जुलाई 2026 को डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एवं शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो वाई.एस. ठाकुर के द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में वन हेल्थ से जुड़े सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें पशुपालन एवं डेयरी विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, खाद्य सुरक्षा विभाग, वन विभाग, आयुष विभाग, आजीविका मिशन शामिल थे। इसके अतिरिक्त डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के क्रिमिनोलॉजी एवं फोरेंसिक साइंस विभाग के प्रो. डॉ. देवाशीष बोस, जीआईजेड वन हेल्थ टीम के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी, वन हेल्थ प्रोजेक्ट डॉ. नीलेश शाह ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म वन हेल्थ और एग्रो-इकोलॉजी से जुड़े विषयों पर नियमित रूप से चर्चा करेगा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेगा। उन्होंने इस अवसर पर वन हेल्थ विषय पर तैयार किए गए इंटर-डिपार्टमेंटल एक्शन प्लान को भी प्रस्तुत किया। प्रस्तुत एक्शन प्लान पर सभी विभागों ने अपनी सहमति व्यक्त की।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि स्वास्थ्य, कृषि और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान आपसी सहयोग और समन्वय से ही संभव है। विभागों ने मिलकर कार्य करने और साझा लक्ष्यों पर काम करने का संकल्प लिया।











