
बीएमसी के वार्ड में कई दिनों पुराना शव मिलने का मामला: पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर के एक वार्ड में कई दिनों पुराना शव मिलने की घटना को मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया है।
पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि यदि बीएमसी के वार्ड में किसी मृतक का शव कई दिनों तक पड़ा रहा और अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी तक नहीं हुई, तो यह अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही और प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बीएमसी जैसे बड़े शासकीय अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की समीक्षा कर घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित सुरक्षा एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी अनुशासनात्मक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि मृतक की पहचान, मृत्यु का समय, शव के वार्ड में पड़े रहने की परिस्थितियां, अस्पताल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही क्या रही।
उन्होंने अस्पताल परिसर में सीसीटीवी निगरानी, नियमित वार्ड निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी।










