सागर में श्रीराम कथा की भव्य शुरुआत: हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली कलशयात्रा, रावतपुरा सरकार का जगह-जगह हुआ स्वागत

सागर में श्रीराम कथा की भव्य शुरुआत: हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली कलशयात्रा, रावतपुरा सरकार का जगह-जगह हुआ स्वागत
सागर। धर्म और भक्ति के रंग में रंगे सागर शहर में श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालुओं की विशाल यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों और भजनों से शहर की प्रमुख सड़कें गूंज उठीं।
कलशयात्रा में अनंत श्री विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज ‘रावतपुरा सरकार’ की गरिमामयी उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर संत का स्वागत किया।
इसी क्रम में रामप्याऊ, इतवारा बाजार स्थित शहर सेवादल परिवार ने भी कलशयात्रा का भव्य स्वागत किया। शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने रावतपुरा सरकार का पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ संत का स्वागत कर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।
स्वागत कार्यक्रम में रत्नेश रावत, चंदू सोनी, संदीप रावत, समर्थ दीक्षित, प्रशांत सोनी, परख शुक्ला, निक्की यादव सहित सेवादल परिवार के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शहर में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कलशयात्रा के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन ने पूरे शहर को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Leave a Comment

Read More